असोथर में हुआ जोरदार स्वागत
FATEHPUR NEWS: पवित्र श्रावण मास के अवसर पर बुधवार को भिटौरा घाट से गंगाजल लेकर कांवड़ियों का विशाल जत्था मुड़िया बाबा मंदिर के लिए रवाना हुआ। योगेंद्र सिंह, सुनील साहू और किशन निषाद के संयुक्त नेतृत्व में करीब 60 कांवड़ियों ने धार्मिक उत्साह के साथ जल यात्रा शुरू की। कांवड़ यात्रा असोथर नगर पंचायत क्षेत्र से होकर गुजरी। इस दौरान कांवड़िए “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया और लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। असोथर नगर पंचायत पहुंचने पर स्थानीय निवासियों एवं समाजसेवियों ने कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। जगह-जगह लोगों ने कांवड़ियों के लिए जलपान आदि की व्यवस्था भी की। यात्रा के आयोजकों योगेंद्र सिंह, सुनील साहू और किशन निषाद ने बताया कि क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना को लेकर भिटौरा घाट से गंगाजल उठाया गया है। कांवड़ियों का जत्था गंगाजल लेकर मुड़िया बाबा मंदिर पहुंचा, जहां विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया। जलाभिषेक के साथ ही कांवड़ यात्रा श्रद्धा और भक्तिभाव के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता देखने को मिली।







