Home उत्तर प्रदेश मिलेट्स मोबाइल आउटलेट वाहनों को डीएम व सीडीओ ने दिखाई हरी झंडी

मिलेट्स मोबाइल आउटलेट वाहनों को डीएम व सीडीओ ने दिखाई हरी झंडी

अन्न के उपभोग और लाभ का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के डीएम ने दिए निर्देश
FATEHPUR NEWS: जनपद में उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के तहत पौष्टिक अनाज की खेती, प्रसंस्करण एवं श्री अन्न के उपभोग को बढ़ावा देने की पहल तेज कर दी गई है। इसी क्रम में जिलाधिकारी निधि गुप्ता ‘वत्स’ एवं मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से मिलेट्स मोबाइल आउटलेट वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राज्य सरकार की ओर से वर्ष 2025-26 में फतेहपुर फार्मर प्रो. कंपनी लिमिटेड, ग्राम नरौली बुजुर्ग तथा पिनाकी एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, ग्राम टिकरा को मिलेट्स मोबाइल आउटलेट का लाभ प्रदान किया गया है। इन दोनों कृषक उत्पादक संगठनों के माध्यम से श्री अन्न से तैयार उत्पादों को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संबंधित एफपीओ के प्रबंध निदेशकों को निर्देश दिए कि मिलेट्स मोबाइल आउटलेट वाहनों का संचालन ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार नियमित रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि जनमानस एवं किसानों के बीच मिलेट्स यानी श्री अन्न के पोषण संबंधी लाभों का प्रभावी और व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। डीएम ने निर्देशित किया कि मोबाइल आउटलेट के माध्यम से श्री अन्न आटा, अनाज के साथ-साथ कैंडी, लड्डू, बिस्किट सहित विभिन्न गुणवत्ता युक्त उत्पाद निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने साप्ताहिक हाट बाजारों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों तथा भीड़भाड़ वाले बाजारों में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार वाहनों को खड़ा करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक किसानों और आम नागरिकों तक श्री अन्न के उत्पाद पहुंच सकें। जिलाधिकारी ने कहा कि मिलेट्स के नियमित सेवन से होने वाले पोषण संबंधी लाभों की जानकारी लोगों तक पहुंचाना आवश्यक है, जिससे लोग अपने दैनिक आहार में श्री अन्न को शामिल करने के लिए प्रेरित हों। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक फतेहपुर राम जतन मिश्र, जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार, अवर अभियंता भूमि संरक्षण अधिकारी अजीत कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।