Home उत्तर प्रदेश बच्चों के आधार में अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के लिए राज्यव्यापी अभियान, कलेक्ट्रेट...

बच्चों के आधार में अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के लिए राज्यव्यापी अभियान, कलेक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक

SIDHARTHNAGAR NEWS: बच्चों के आधार कार्ड में अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के राज्यव्यापी अभियान को सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने की, जिसमें मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान नियमानुसार 05 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूरी करने पर बच्चों के आधार में बायोमेट्रिक डेटा (फिंगरप्रिंट, आईरिस और फोटोग्राफ) का अपडेट होना अनिवार्य है। पहला अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट 05 से 07 वर्ष और दूसरा 15 से 17 वर्ष की आयु के बीच कराया जाना आवश्यक है। यदि यह अपडेट समय से नहीं कराया गया तो नियमों के तहत आधार संख्या को निष्क्रिय किया जा सकता है, जिससे बच्चे स्कूल में प्रवेश, प्रतियोगी परीक्षाओं के पंजीकरण, छात्रवृत्ति और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) जैसी महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो सकते हैं। इस समस्या से निपटने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में विशेष आधार कैम्प आयोजित किए जाएं। इसके अतिरिक्त अभिभावक अपने बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट कराने के लिए किसी भी नजदीकी आधार सेवा केंद्र या निर्दिष्ट केंद्र पर जा सकते हैं। अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे प्राथमिकता के आधार पर अपने बच्चों का आधार अपडेट कराएं और नजदीकी केंद्र की जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://bhuvan-app3.nrsc.gov.in/aadhaar/ का उपयोग कर सकते हैं। इसके साथ ही बैठक में जिले में ‘फैमिली आईडी’ बनाने के कार्य में प्रगति लाकर लक्ष्य पूरा करने के भी कड़े निर्देश दिए गए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा, समस्त खंड विकास अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी (नगर पालिका/नगर पंचायत) सहित अन्य संबंधित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।