SIDHARTHNAGAR NEWS: नौगढ़-सोहांस मार्ग पर चल रहे विकास कार्यों की हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने निर्माणाधीन पुलिया का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिया की छत की ढलाई का कार्य प्रगति पर पाया गया, जिस पर उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) के अधिशासी अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य पूर्ण रूप से गुणवत्तापूर्ण और मानक के अनुरूप ही संपन्न कराए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि पुलिया के एप्रोच मार्ग का निर्माण कार्य शीघ्र अति शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि आमजन के लिए आवागमन जल्द से जल्द शुरू किया जा सके। सड़क सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए जिलाधिकारी ने मार्ग पर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों यानी ‘ब्लैक स्पॉट’ को चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर तत्काल संकेतक बोर्ड (साइन बोर्ड) लगाए जाएं ताकि राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कमल किशोर, जूनियर इंजीनियर लाल चंद पटेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
Home उत्तर प्रदेश नौगढ़-सोहांस मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, दिए सख्त...







