Home उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी ने किया लखनापार-बैदोला तटबन्ध का निरीक्षण, कार्य की गुणवत्ता पर जताई...

जिलाधिकारी ने किया लखनापार-बैदोला तटबन्ध का निरीक्षण, कार्य की गुणवत्ता पर जताई संतुष्टि

SIDHARTHNAGAR NEWS: बूढ़ी राप्ती नदी के बाएं तट पर स्थित लखनापार-बैदोला तटबन्ध के किलोमीटर 12.100 से 12.450 के मध्य ग्राम भुतहिया के समीप कटाव निरोधक कार्य का जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाढ़ बचाव एवं कटाव रोधी कार्यों की बारीकी से पड़ताल की। स्थल पर मौजूद अधिशासी अभियंता (ड्रेनेज खंड) ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि उक्त परियोजना निर्धारित समयसीमा के भीतर बीते 5 जुलाई को ही पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने बताया कि परियोजना के अंतर्गत मिर्जापुर स्टोन बोल्डर को वायर क्रेट में भरकर 235 मीटर लंबाई में लांचिंग एप्रन, 120 मीटर लंबाई में स्टेप स्लोप पिचिंग (उच्चतम बाढ़ स्तर तक), 115 मीटर लंबाई में स्टेप स्लोप पिचिंग (भूतल स्तर तक), क्षतिग्रस्त शॉर्ट स्पर की मरम्मत व पुनर्स्थापन तथा नदी के डाउन स्ट्रीम में परक्यूपाइन स्थापित करने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। जिलाधिकारी द्वारा स्थलीय निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों को स्वीकृत ड्राइंग एवं तकनीकी विशिष्टियों के अनुरूप पाया गया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता को संतोषजनक बताते हुए अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान अधिशासी अभियंता (ड्रेनेज खंड) कृपा शंकर भारती, सहायक अभियंता पंकज कुमार वर्मा, जूनियर अभियंता अमरेश कुमार पांडेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।