Home उत्तर प्रदेश बारिश से पहले नाला निर्माण व जल संरक्षण कार्य पूर्ण करें :...

बारिश से पहले नाला निर्माण व जल संरक्षण कार्य पूर्ण करें : एडीएम

SIDHARTHNAGAR NEWS: नगर निकायों में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर कैंप कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गौरव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में जारी निर्माण योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया गया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान अपर जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारियों को आकांक्षी नगर योजना के तहत विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, पार्कों के निर्माण, डिजिटल लाइब्रेरी और ओपन जिम जैसे कार्यों को तय मानक के अनुसार जल्द से जल्द पूरा करने को कहा। वहीं ‘वंदन योजना’ के अंतर्गत स्वीकृत अवस्थापना सुविधाओं के निर्माण हेतु टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर धरातल पर काम शुरू कराने के निर्देश दिए गए। मानसून को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि सीवरेज एवं जल निकासी व्यवस्था के तहत नाला निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर बारिश से पहले पूरा किया जाए, ताकि शहरों में जलभराव की समस्या उत्पन्न न होने पाए। इसके साथ ही नगरीय झील, तालाब और पोखरा संरक्षण योजना के अंतर्गत सौंदर्यीकरण के सभी कार्यों को भी बारिश से पहले समाप्त करने की हिदायत दी गई। इस बैठक में एलबीसी पुरुषोत्तम लाल श्रीवास्तव सहित जिले के सभी नगर पालिका व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।