विद्यार्थियों ने वैश्विक मुद्दों पर रखे प्रभावशाली विचार, संवाद, नेतृत्व क्षमता और कूटनीतिक कौशल का किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
PRAYAGRAJ NEWS: सेंट मैरीज कॉन्वेंट इंटर कॉलेज, प्रयागराज में 29 एवं 30 जुलाई 2026 को दो दिवसीय एसएमयूएन (स्कूल मॉडल यूनाइटेड नेशंस) सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, वैश्विक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन तथा प्रभावी संवाद कौशल का विकास करना था। विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर लिली सी.जे. के प्रेरणादायी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस सम्मेलन ने विद्यार्थियों को विश्व स्तर के महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श का प्रभावी मंच प्रदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि विचार-विमर्श, सहयोग और शांतिपूर्ण संवाद ही वर्तमान वैश्विक चुनौतियों का सर्वोत्तम समाधान है। सम्मेलन में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अलग-अलग देशों के प्रतिनिधियों की भूमिका निभाते हुए जलवायु परिवर्तन, विश्व शांति, मानवाधिकार और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर अपने विचार रखे। प्रतिभागियों ने प्रभावशाली वक्तृत्व, तार्किक बहस और शोधपरक प्रस्तुतियों के माध्यम से विभिन्न समस्याओं के समाधान भी प्रस्तुत किए। समापन समारोह की मुख्य अतिथि विद्यालय की पूर्व छात्रा डॉ. श्रेया पाण्डेय रहीं, जो वर्तमान में लखनऊ स्थित विवेकानंद पॉलीक्लिनिक एवं इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में रेजिडेंट प्लास्टिक सर्जन के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संवाद, सहिष्णुता और शांति का संदेश देते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनने के लिए प्रेरित किया। सम्मेलन के दूसरे दिन विभिन्न समितियों के विशेष सत्र आयोजित हुए, जिनमें प्रतिनिधियों ने मॉडरेटेड और अनमॉडरेटेड कॉकस में भाग लेकर अपने शोध, कूटनीतिक समझ और नेतृत्व कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्राचार्या सिस्टर लिली सी.जे. ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उनके व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता तथा अंतरराष्ट्रीय विषयों की समझ को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। सम्मेलन में बेस्ट डेलीगेशन ट्रॉफी ब्लू स्टार स्कूल को प्रदान की गई। कार्यक्रम में मैनेजर सिस्टर सुमिता सी.जे., प्राचार्या सिस्टर लिली सी.जे., उपप्राचार्या सिस्टर नमिता सी.जे., सिस्टर्स एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। सम्मेलन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं यादगार साबित हुआ।







