डीएसए ग्राउंड में पारदर्शी व्यवस्था के बीच हुआ पीईटी, सुरक्षा और सुविधाओं के रहे व्यापक इंतजाम
PRAYAGRAJ NEWS: रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी), इलाहाबाद द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए शुक्रवार को प्रयागराज के डीएसए ग्राउंड में शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) आयोजित की गई। भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए परीक्षा की संपूर्ण वीडियोग्राफी कराई गई। आरआरसी इलाहाबाद की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में 225 महिला अभ्यर्थियों सहित कुल 3,736 अभ्यर्थी सफल हुए थे। इनमें से शुक्रवार को आयोजित पीईटी में 250 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें 172 अभ्यर्थी निर्धारित शारीरिक मानकों को पूरा कर सफल घोषित किए गए। पीईटी के तहत पुरुष अभ्यर्थियों को 1,000 मीटर की दौड़ 4 मिनट 15 सेकंड में पूरी करनी होती है तथा 35 किलोग्राम वजन उठाकर 100 मीटर की दूरी 2 मिनट के भीतर एक बार में तय करनी होती है। वहीं महिला अभ्यर्थियों के लिए 1,000 मीटर दौड़ के लिए 5 मिनट 40 सेकंड का समय निर्धारित है तथा उन्हें 20 किलोग्राम वजन उठाकर 100 मीटर की दूरी 2 मिनट में पूरी करनी होती है। भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में प्रवेश के लिए दोनों मानकों को सफलतापूर्वक पूरा करना अनिवार्य है। रेल प्रशासन के अनुसार मैदान पर सबसे पहले अभ्यर्थियों का पीईटी सत्यापन किया गया। इसके बाद बायोमेट्रिक पहचान, आधार प्रमाणीकरण और आरएफआईडी पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई गई। तत्पश्चात अभ्यर्थियों को दौड़, समय सीमा और वजन उठाने के नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। परीक्षा स्थल पर सुरक्षा, अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती की गई थी। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, पंखे, कूलर, टेंट और स्वच्छ शौचालयों की व्यवस्था की गई। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और एम्बुलेंस भी उपलब्ध रही। रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, इलाहाबाद और उत्तर मध्य रेलवे ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु ढंग से संपन्न कर योग्य अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।







