FATEHPUR NEWS: जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने गुरुवार को संयुक्त रूप से जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने कारागार के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कंट्रोल रूम, पाकशाला (रसोईघर), पुरुष एवं महिला बंदीगृह, आंगनवाड़ी केंद्र, चिकित्सालय तथा राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कारागार में उपलब्ध व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। कंट्रोल रूम के निरीक्षण में सभी सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से संचालित पाए गए। इसके बाद अधिकारियों ने रसोईघर का निरीक्षण कर बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन बनने की व्यवस्था का जायजा लिया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि कारागार में निरुद्ध बंदियों को आवश्यकता के अनुसार विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा उनके अधिकारों और मूलभूत सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने कारागार की सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जेलर फतेहपुर सहित कारागार प्रशासन के अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







