Home उत्तर प्रदेश निषाद समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग, भाजपा विधायक...

निषाद समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग, भाजपा विधायक को सौंपा ज्ञापन

FATEHPUR NEWS: निषाद पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक राजेंद्र सिंह पटेल को ज्ञापन सौंपकर निषाद समाज की विभिन्न जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल किए जाने की मांग उठाई। बिंदकी कस्बे के ललौली चौराहे स्थित विधायक कैंप कार्यालय पहुंचे निषाद पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उत्तराखंड की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी शासनादेश जारी कर मझवार, निषाद, कहार, कश्यप सहित संबंधित जातियों को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से हटाकर अनुसूचित जाति (एससी) की श्रेणी में शामिल किए जाने की मांग की गई। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि इन जातियों को अनुसूचित जाति वर्ग को मिलने वाली सभी सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। साथ ही संबंधित जातियों के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग का प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पर रोक लगाकर अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र निर्गत किए जाएं। निषाद पार्टी के पदाधिकारियों ने कहा कि इससे समाज के लोगों को सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास का बेहतर अवसर मिलेगा। उन्होंने विधायक से मांगों को सरकार तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई कराने का आग्रह किया। इस अवसर पर निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष लोकनाथ निषाद, जिला उपाध्यक्ष रामबाबू निषाद सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।