PRAYAGRAJ NEWS: सेंट मैरीज स्कूल, तरांव में छात्र परिषद के गठन हेतु इन्वेस्टिचर सेरेमनी का कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोरांव टाउन एरिया के पूर्व चेयरमैन नरसिंह केशरी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जॉर्ज मेडेपल्ली ने किया। इस अवसर पर सिस्टर रोशनी एवं सिस्टर अर्पिता भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं प्रार्थना के साथ हुआ। प्रधानाचार्य फादर जॉर्ज मेडेपल्ली ने छात्र-नेताओं को अनुशासन, ईमानदारी, सेवा-भाव एवं नेतृत्व की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि नरसिंह केशरी ने विद्यार्थियों को नेतृत्व के गुण विकसित कर विद्यालय, परिवार एवं समाज का नाम रोशन करने का संदेश दिया।विद्यालय की छात्र परिषद के लिए अमन सिंह को हेड बॉय तथा एंजेल तिवारी को हेड गर्ल चुना गया। दोनों छात्र-नेताओं सहित अन्य छात्र परिषद के सदस्यों को बैज पहनाकर शपथ दिलाई गई। सभी पदाधिकारियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य फादर जॉर्ज मेडेपल्ली ने मुख्य अतिथि, सिस्टर रोशनी, सिस्टर अर्पिता, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया तथा नव-निर्वाचित छात्र परिषद के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।







