PRAYAGRAJ NEWS: भीम आर्मी भारत एकता मिशन और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को हाईकोर्ट स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा स्थल पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक को देशद्रोह घोषित करने, दोषियों को कठोर सजा देने तथा रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। प्रदेश संगठन मंत्री अनिल कुमार गौतम ने कहा कि पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाया जाए तथा प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय मिले। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस को सौंपा गया। इसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।







