पत्रकार शाहिद अली के घर फायरिंग का पुलिस ने किया खुलासा, अवैध तमंचा, कारतूस और स्कूटी बरामद
FATEHPUR NEWS: फतेहपुर पुलिस ने पत्रकार शाहिद अली के घर पर हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि सोशल मीडिया पर चल रही आपसी रंजिश और टिप्पणियों से नाराज होकर आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया था। जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के खलील नगर में 2 जुलाई की रात पत्रकार शाहिद अली के घर पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी थी। घटना के बाद शाहिद अली की तहरीर पर शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में मामले के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान पुलिस ने राहिल हसन और अजीम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अर्सलान नाम के युवक ने पहले राहिल हसन के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद अर्सलान और उसके कुछ साथियों द्वारा सोशल मीडिया पर लगातार टिप्पणियां और पोस्ट की जा रही थीं, जिससे दोनों आरोपी नाराज चल रहे थे। इसी रंजिश के चलते उन्होंने बदला लेने और इलाके में अपना खौफ कायम करने की योजना बनाई। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने एक परिचित से बहाने से स्कूटी ली और पत्रकार शाहिद अली के घर पहुंचे, जहां अर्सलान किराए पर रहता था। घटना के समय स्कूटी अजीम चला रहा था, जबकि पीछे बैठे राहिल हसन ने अवैध तमंचे से फायर कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद कर लिया है। दोनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले, भय और आतंक का माहौल बनाने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।







