Home उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी का किसानों को बड़ा तोहफा, कृषि यंत्रों पर मिलेगा भारी...

मुख्यमंत्री योगी का किसानों को बड़ा तोहफा, कृषि यंत्रों पर मिलेगा भारी अनुदान

10 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन का मौका, ड्रोन, फार्म मशीनरी बैंक, कस्टम हायरिंग सेंटर समेत कई कृषि यंत्रों पर मिलेगी सब्सिडी
FATEHPUR NEWS: कृषि विभाग द्वारा किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने और कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कृषि यंत्रों एवं कृषि रक्षा उपकरणों पर अनुदान उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उप कृषि निदेशक राम जतन मिश्र ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में किसानों को आधुनिक तकनीक से खेती करने के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग द्वारा संचालित नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन (एनएमएएम) के तहत सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन एवं अन्य योजनाओं में कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन बुकिंग 16 जुलाई 2026 दोपहर 12 बजे से शुरू हो चुकी है, जो 10 अगस्त 2026 की रात 12 बजे तक चलेगी। उप कृषि निदेशक ने बताया कि इस योजना के तहत कस्टम हायरिंग सेंटर (10 लाख रुपये परियोजना लागत), फार्म मशीनरी बैंक (10 लाख रुपये परियोजना लागत), कृषि ड्रोन, कॉम्बाइन ड्रोन तथा अन्य एकल कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा फसल अवशेष प्रबंधन योजना के अंतर्गत एकल कृषि यंत्र, 30 लाख रुपये लागत वाले कस्टम हायरिंग सेंटर तथा 100 लाख रुपये लागत वाले एग्रीगेटर पर भी अनुदान का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के अंतर्गत बैच ड्रायर, पॉपिंग मशीन और मक्का शेलर, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत मिलेट प्लांटर, विभिन्न पारिस्थितिक संस्थाओं द्वारा संचालित कीट एवं रोग नियंत्रण योजना के अंतर्गत मानव चालित एवं पावर चालित स्प्रेयर तथा बखारी, फसल विविधीकरण कार्यक्रम (सीडीपी) के कृषि यंत्र तथा दलहन मिशन योजना के अंतर्गत दाल मिल पर भी अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। राम जतन मिश्र ने बताया कि सभी कृषि यंत्रों की बुकिंग एवं आवेदन विभागीय पोर्टल पर विकास खंडवार ऑनलाइन किए जाएंगे। जबकि 100 लाख रुपये लागत वाले एग्रीगेटर एवं शुगरकेन हार्वेस्टर सेल्फ प्रोपेल्ड के लिए आवेदन राज्य स्तर पर ऑनलाइन किए जाएंगे। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे विभागीय पोर्टल पर “यंत्र बुकिंग प्रणाली” लिंक के माध्यम से समय से आवेदन करें। साथ ही बुकिंग के दौरान केवल स्वयं का या खून के रिश्ते वाले परिजन का मोबाइल नंबर ही प्रयोग करें। अन्य किसी व्यक्ति का मोबाइल नंबर उपयोग करने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है। उप कृषि निदेशक ने बताया कि कृषि यंत्रों, अनुदान की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। किसान किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए उप कृषि निदेशक कार्यालय, फतेहपुर से भी संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने जनपद के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में योजना का लाभ उठाकर आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया।