Home उत्तर प्रदेश विद्यालयों में लापरवाही पर सख्त हुईं बीईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह

विद्यालयों में लापरवाही पर सख्त हुईं बीईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह

निरीक्षण में मिली कमियों पर नोटिस जारी
KAUSHAMBI NEWS: विकास खंड सिराथू की खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह ने शुक्रवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय समेत कई विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान खण्ड शिक्षा अधिकारी सिराथू ने नाश्ता, मध्याह्न भोजन और शैक्षणिक कार्यों में कमियां मिलने पर संबंधित कर्मचारियों और शिक्षकों को चेतावनी देते हुए स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया गया।सुबह कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सिराथू पहुंचीं खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह ने छात्राओं के साथ प्रार्थना सभा और व्यायाम गतिविधि में हिस्सा लिया। इसके बाद छात्राओं को दिए जा रहे नाश्ते की गुणवत्ता और मात्रा की जांच की, जिसमें कमी मिलने पर रसोइयों को सख्त चेतावनी दी गई। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर नियमित विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय खनवारी, प्राथमिक विद्यालय कैनी, उच्च प्राथमिक विद्यालय कैनी और कंपोजिट विद्यालय बलीपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं की कार्य पुस्तिकाओं का नियमित मूल्यांकन नहीं पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया। वहीं प्राथमिक विद्यालय खनवारी में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता खराब मिलने पर प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि छात्र उपस्थिति बढ़ाने, कार्य पुस्तिकाओं का नियमित मूल्यांकन करने और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व पोषण उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।