KAUSHAMBI NEWS: विकास खंड कड़ा के ग्राम पंचायत रामपुर बढ़नावा में के “गांव की समस्या, गांव में समाधान” अभियान के तहत ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। सहायक विकास अधिकारी मनोज सिंह ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि समूहों के माध्यम से लोग आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं तथा सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकते हैं। चौपाल के दौरानबोरिंगटेक्नीशियन अरविंद कुमार गुप्ता ने “जल है तो कल है” का संदेश देते हुए जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने ग्रामीणों से जल का सदुपयोग करने, वर्षा जल संचयन अपनाने और भूजल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।इस दौरान ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। जहांगीराबाद के ग्रामीणों ने बताया कि जल निगम द्वारा अब तक पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं ग्रामीण चंद्रशेखर ने गांव के चक मार्ग की समस्या उठाते हुए कहा कि सड़क के अभाव में किसानों और ग्रामीणों को खेतों तक आने-जाने में कठिनाई होती है। उन्होंने चक मार्ग का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की।चौपाल में ग्राम पंचायत अधिकारी रमेश सोनकर, सहायक बोरिंग टेक्नीशियन शिव बाबू, ग्राम प्रधान रामनरेश सिंह पटेल, उचित दर विक्रेता उदय सिंह ,अनिल सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अधिकारियों ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी।







