JAUNPUR NEWS: सुइथाकला विकासखंड क्षेत्र के समोधपुर गांव में गुरुवार को बाबा रामयज्ञ दास जी महाराज की पावन तपोस्थली स्थित बाबा रामयज्ञ दास मंदिर से भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली गई। रथ यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर भेला बस स्टॉप, समोधपुर गांव होते हुए श्री राम-जानकी मंदिर पहुंची। वहां वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान श्रीराम और माता जानकी का पूजन-अर्चन किया गया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की गई। पूजन-अर्चन के उपरांत रथ यात्रा पुनः अपने निर्धारित मार्ग से होते हुए बाबा राम यज्ञ दास मंदिर पहुंची, जहां धार्मिक अनुष्ठानों के साथ यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान श्रद्धालु जय श्रीराम के उद्घोष, भजन-कीर्तन और भक्तिमय वातावरण में पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथ का स्वागत किया तथा प्रसाद का वितरण किया। मंदिर के पुजारी आचार्य सत्येंद्र मिश्रा ने बताया कि यह रथ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और लोककल्याण का संदेश देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलकर समाज में प्रेम, सद्भाव और नैतिक मूल्यों की स्थापना की जा सकती है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से धर्म, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विजय शंकर मिश्रा, राकेश प्रजापति, गिरीश सिंह, सतीश सिंह, शिवम सिंह, दयाराम प्रजापति, धीरज प्रजापति, जिलाजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।







