Home उत्तर प्रदेश कठेला समयमाता पुलिस की पहल: बहु-बेटी सम्मेलन में छात्राओं को नए कानूनों...

कठेला समयमाता पुलिस की पहल: बहु-बेटी सम्मेलन में छात्राओं को नए कानूनों के प्रति किया जागरूक

SIDHARTHNAGAR NEWS: नारी सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत कठेला समयमाता पुलिस की तत्परता धरातल पर रंग ला रही है। पुलिस कप्तान डॉ. अभिषेक महाजन, एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद व क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में लगातार सक्रियता दिखाकर सुरक्षा का माहौल मजबूत कर रही है। पुलिस के इस जन-जागरूकता प्रयास की इलाके में सराहना हो रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को थाना कठेला समयमाता की मिशन शक्ति टीम ने ग्राम कठेला शर्की स्थित पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल में ‘बहु-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया। मिशन शक्ति फेज 5.0 (द्वितीय चरण) के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस ने छात्राओं और स्थानीय महिलाओं को नए आपराधिक कानूनों की बारीकियों से अवगत कराया। इस दौरान टीम ने नए कानूनों में शामिल ‘शून्य एफआईआर’, ई-एफआईआर और कवच परियोजना जैसे सुरक्षा प्राविधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताते हुए वीमेन पावर लाइन-1090, पुलिस हेल्पलाइन-112 और साइबर हेल्पलाइन-1930 समेत विभिन्न आपातकालीन नंबरों के पम्पलेट वितरित किए गए। सम्मेलन में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन और रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष जैसी कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई।