Home उत्तर प्रदेश ऐतिहासिक शिवालय के जीर्णोद्धार को भूमिपूजन, ट्रस्ट को मिला एक करोड़

ऐतिहासिक शिवालय के जीर्णोद्धार को भूमिपूजन, ट्रस्ट को मिला एक करोड़

PRAYAGRAJ NEWS: मुख्यमंत्री पर्यटन स्थल विकास योजना के तहत घीनपुर के ऐतिहासिक शिवालय एवं मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत एक करोड़ रुपये की धनराशि मंदिर ट्रस्ट को हस्तांतरित कर दी गई है। राशि मिलने के बाद सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन के साथ जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ कर दिया गया। मऊआइमा विकासखंड की घीनपुर ग्राम पंचायत स्थित ऐतिहासिक शिवालय के जीर्णोद्धार और परिसर के सौंदर्यीकरण की प्रक्रिया अब धरातल पर उतर गई है। मुख्यमंत्री पर्यटन स्थल विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत एक करोड़ रुपये की धनराशि शिवशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट के खाते में स्थानांतरित होने के बाद सोमवार को विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। ग्रामीणों के अनुसार घीनपुर का यह प्राचीन शिवालय क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर परिसर में स्थित पक्का तालाब, कुआं, छोटे-छोटे मंदिर और जर्जर धर्मशाला इसकी ऐतिहासिक पहचान का हिस्सा हैं। हर वर्ष महाशिवरात्रि पर यहां विशाल मेला और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचते हैं। बताया जाता है कि करीब दो शताब्दी पहले परमेश्वर साहू ने मंदिर की स्थापना कराई थी, जबकि परिसर की धर्मशाला का निर्माण मखदूम साहू ने कराया था। समय के साथ परिसर के अधिकांश हिस्से जर्जर हो गए थे, जिसके संरक्षण और विकास की मांग लंबे समय से उठ रही थी। जिला पंचायत सदस्य कमरुल हसन समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी और पर्यटन विभाग को प्रस्ताव भेजकर मंदिर, तालाब और पूरे परिसर के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण की मांग की थी। जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की संस्तुति पर शासन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में मुख्यमंत्री पर्यटन स्थल विकास योजना के तहत एक करोड़ रुपये मंजूर किए। अब राशि ट्रस्ट को मिलने के बाद विकास कार्य औपचारिक रूप से शुरू हो गया है। भूमि पूजन कार्यक्रम में ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ अध्यक्ष आशुतोष पांडेय, महामंत्री बृजेश शुक्ला, बब्लू दुबे, अमर सिंह, अधिवक्ता अजय तिवारी, डॉ. रोहित मिश्रा, राधेश्याम, महेंद्र सरोज, राहुल, पंडित लालजी द्विवेदी, बबऊ तिवारी, सुभाष पटेल, बड़े लाल साहू, राजीव पांडेय मानिकचंद्र जायसवाल, सालिकराम पटेल तथा ओमप्रकाश केसरवानी आदि उपस्थित रहे।