Home उत्तर प्रदेश बिलौना मोड़ के पास दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से...

बिलौना मोड़ के पास दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक गंभीर घायल

FATEHPUR NEWS: कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के जोनिहा-अमौली मार्ग स्थित बिलौना मोड़ के समीप शुक्रवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, खुरमाबाद गांव निवासी 66 वर्षीय सुशील कुमार दीक्षित पुत्र मनसुख प्रसाद दीक्षित तथा 45 वर्षीय नाहर सिंह पुत्र सूरजभान सिंह एक ही बाइक से किसी कार्य से जोनिहा कस्बे जा रहे थे। जैसे ही वे बिलौना मोड़ के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुशील कुमार दीक्षित गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल नाहर सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना पर कोतवाली बिंदकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मामले की जांच जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव खुरमाबाद में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।