MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) पर्यावरण संरक्षण एवं हरित मीरजापुर के संकल्प को साकार करने की दिशा में नगर पालिका परिषद मीरजापुर के अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने शुक्रवार को लालडिग्गी पार्क में व्यापक पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पार्क में भ्रमण करने आए स्थानीय नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों के साथ मिलकर लगभग 100 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए पौधों की नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया। पौधरोपण के उपरांत नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने कहा कि आज जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का यह नैतिक दायित्व है कि वह अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसे वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करे। उन्होंने कहा कि पौधे केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण, संतुलित जलवायु और स्वस्थ जीवन का आधार भी हैं। उन्होंने जनपद को हराभरा एवं स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से 20 हजार पौधे लगाने का संकल्प लेते हुए कहा कि यह अभियान केवल नगर पालिका का नहीं, बल्कि पूरे समाज का जनआंदोलन बनेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने माता-पिता, दादा-दादी, पूर्वजों, परिजनों अथवा प्रियजनों की स्मृति में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी जिम्मेदारी भी स्वयं निभाएं। श्याम सुंदर केसरी ने कहा कि “हरा-भरा मीरजापुर बनाना है, पेड़ लगाना है। आइए हम सब मिलकर अपने माता-पिता, अपने परिजनों और अपने स्नेहीजनों के नाम पर एक-एक पेड़ लगाएं तथा उसकी देखभाल करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर पर्यावरण दे सकें।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की भावना से प्रेरणा लेते हुए प्रत्येक परिवार को वृक्षारोपण को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी बनाना चाहिए। जनभागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य सफल होगा और मीरजापुर को हरित एवं स्वच्छ नगर के रूप में नई पहचान मिलेगी। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि यदि किसी नागरिक, विद्यालय, महाविद्यालय, सामाजिक संस्था, धार्मिक स्थल, मोहल्ला समिति या किसी अन्य संगठन को पौधरोपण के लिए पौधों की आवश्यकता हो तो नगर पालिका परिषद मीरजापुर द्वारा निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। इच्छुक व्यक्ति नगर पालिका परिषद से संपर्क कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद आगामी दिनों में विभिन्न वार्डों, पार्कों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं सड़क किनारे बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाएगी, जिससे पूरे नगर में हरियाली बढ़े और पर्यावरण संरक्षण को नई गति मिले। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली तथा नगर पालिका परिषद द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का भरोसा दिलाया।इस मौके पर सभासद राकेश यादव ,अमरेश सोनकर ,कृपा शंकर यादव,संजय केशरी ,एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







