FATEHPUR NEWS: कुंज बिहारी एजुकेशनल ट्रस्ट की ओर से शुक्रवार को आयोजित सम्मान समारोह में आईआईटी प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले तीन मेधावी विद्यार्थियों को 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य ट्रस्टी एवं सेवानिवृत्त चीफ कमिश्नर आयकर दिलीप कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कुंवरपुर रोड स्थित कुंज बिहारी एजुकेशनल ट्रस्ट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में आईआईटी प्रवेश परीक्षा में सफल हुए आशीष जैकब, राधा देवी और आमना खातून को 50-50 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। इस अवसर पर दिलीप कुमार अग्रवाल ने कहा कि ट्रस्ट के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट के तीन विद्यार्थियों का आईआईटी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में चयन होना संस्था के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों की सफलता अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और वे भी मेहनत एवं लगन के बल पर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित होंगे। ट्रस्ट भविष्य में भी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का कार्य जारी रखेगा। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बिंदकी की अध्यक्ष राधा साहू, दयानंद इंटर कॉलेज के प्रबंधक वेद प्रकाश गुप्ता, पूर्व प्रधानाचार्य आर.बी. सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य ओ.पी. बाजपेई, प्रधानाचार्य मणिशंकर मौर्य, प्रधानाचार्य अमरजीत सिंह, आशीष सिंह चौहान, व्यापारी नेता एवं समाजसेवी अनूप अग्रवाल, समाजसेवी अनुपम अग्रवाल, संगीता अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन युवा विकास समिति के जिला प्रवक्ता आलोक गौड़ ने किया। समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







