Home उत्तर प्रदेश हूटर लगी गाड़ी सीज होने के बाद दो पक्षों में मारपीट, लूट...

हूटर लगी गाड़ी सीज होने के बाद दो पक्षों में मारपीट, लूट के आरोपों की पुष्टि नहीं: एसपी

FATEHPUR NEWS: किशनपुर थाना क्षेत्र में गुरूवार की देर रात हुए विवाद के मामले में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है, जबकि लूटपाट के आरोपों की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चंदन यादव गुरूवार शाम अपनी गाड़ी से किशनपुर क्षेत्र से गुजर रहा था। पुलिस चेकिंग के दौरान उसकी गाड़ी में हूटर लगा मिला, जिसके बाद पुलिस ने नियमानुसार वाहन को सीज कर दिया। इसके बाद चंदन यादव ने खागा थाना क्षेत्र से दूसरी गाड़ी मंगाई। एसपी के अनुसार, इसी दौरान चंदन यादव को यह भ्रम हो गया कि उसकी गाड़ी स्थानीय निवासी रवि तिवारी के कहने पर सीज की गई है। इसी बात को लेकर देर रात दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। उन्होंने बताया कि रवि तिवारी के भाई आशीष तिवारी की सरिए की दुकान पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप लगाया गया कि चंदन यादव पक्ष के लोग दुकान में घुस आए, वहां तोड़फोड़ और लूटपाट की तथा आशीष तिवारी को जबरन वाहन में बैठाकर ले गए और उनके साथ मारपीट की। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि मामले की जांच क्षेत्राधिकारी (सीओ) खागा द्वारा मौके पर पहुंचकर की गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की गई है। अब तक की जांच में दोनों पक्षों के बीच मारपीट की पुष्टि हुई है, लेकिन लूटपाट के आरोपों के समर्थन में कोई पुष्टिकारक साक्ष्य नहीं मिले हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।