Home उत्तर प्रदेश भाजपा को सिर्फ समाजवादी पार्टी से डर, संगठन प्रदेशभर में मजबूत :...

भाजपा को सिर्फ समाजवादी पार्टी से डर, संगठन प्रदेशभर में मजबूत : सांसद सनातन पांडेय

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) समाजवादी पार्टी की मंडल स्तरीय संगठनात्मक समीक्षा बैठक शनिवार को आयोजित हुई। बैठक में मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही जिलों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि सांसद  सनातन पांडेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में केवल समाजवादी पार्टी ही ऐसी पार्टी है, जिससे भारतीय जनता पार्टी भयभीत है। समाजवादी पार्टी का संगठन जनपद स्तर पर काफी मजबूत है और इसी वजह से सत्ता पक्ष में घबराहट है। सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास करती है। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त को पार्टी के संस्थापक सदस्यों में रहे छोटे लोहिया के नाम से प्रसिद्ध जानेश्वर मिश्रा की जयंती लखनऊ में मनाई जाएगी, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता से किए गए कई वादे पूरे नहीं किए गए। उन्होंने काला धन वापस लाने और प्रत्येक नागरिक के खाते में 15 लाख रुपये आने जैसे चुनावी वादों का भी उल्लेख किया। उनका कहना था कि जनता अब भाजपा की नीतियों और कार्यशैली को समझ चुकी है तथा वर्ष 2024 के चुनाव में इसका संकेत भी मिल चुका है। पत्रकारों द्वारा अयोध्या में चंदा गड़बड़ी के मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में सांसद ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के समय सभी सनातनियों ने श्रद्धापूर्वक सहयोग किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में छोटे कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराकर बड़े लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।  भगवान राम में देशवासियों की आस्था है और इस विश्वास को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों और संगठन विस्तार पर चर्चा की गई। बैठक में जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी,सोनभद्र जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव, भदोही जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव, पूर्व विधायक रमेश दूबे, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रोहित शुक्ला उर्फ लल्लू शुक्ला, एडवोकेट सतीश कुमार मिश्रा, एडवोकेट सत्य प्रकाश यादव, आदर्श यादव, अशोक सिंह मुन्ना, रवि प्रकाश त्रिपाठी समेत तीनों जनपदों के पदाधिकारी मौजूद रहे।