BHADOHI NEWS: जनपद भदोही में साइबर जागरूकता अभियान के तहत प्रतिमा नर्सिंग कॉलेज, इंद्रमिल चैराहा में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के नेतृत्व में हुए इस आयोजन में मिशन शक्ति अभियान के द्वितीय चरण पर भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, नर्सिंग स्टाफ, चिकित्सकों और अस्पताल के अन्य कर्मचारियों को साइबर अपराधों और उनसे बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर अपराधी नई तकनीकों का उपयोग कर लोगों को धोखाधड़ी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों को लालच, भय और झूठी जानकारी के माध्यम से होने वाले साइबर फ्रॉड से सावधान रहने की सलाह दी। विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन लोन ऐप, कस्टमर केयर फ्रॉड, फर्जी कूरियर कॉल, सेक्सटॉर्शन, क्यूआर कोड स्कैनिंग फ्रॉड और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के प्रति सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया। शुभम अग्रवाल ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है, तो उसे तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके अलावा, राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर भी शिकायत की जा सकती है, ताकि समय रहते धनराशि को रोका या वापस कराया जा सके। अपर पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के द्वितीय चरण के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना है। अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। छात्राओं, महिला कर्मचारियों और अन्य महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
Home उत्तर प्रदेश भदोही के प्रतिमा नर्सिंग कॉलेज में कार्यक्रमरूसाइबर जागरूकता, मिशन शक्ति फेज-5 पर...







