2 से 4 जुलाई तक जनपद के 07 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात
BHADOHI NEWS: प्रभारी जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला ने बताया कि उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के सफल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन आयोजन के लिए जनपद प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। परीक्षा का आयोजन जनपद के 7 परीक्षा केंद्रों पर 2 एवं 3 जुलाई, 2026 को प्रतिदिन दो-दो पालियों में तथा 4 जुलाई, 2026 को प्रथम पाली में संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 9ः30 बजे से अपराह्न 12ः00 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 02रू30 बजे से सायं 05रू00 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के सफल संचालन हेतु शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता एवं गोपनीयता बनाए रखी जाएगी। प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, निष्पक्ष एवं सुचितापूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से सभी परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। तैनात अधिकारी परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व केंद्रों का निरीक्षण करेंगे तथा परीक्षा अवधि के दौरान लगातार निगरानी रखते हुए किसी भी प्रकार की अनियमितता या अनुचित साधनों के प्रयोग की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बताया कि सभी केंद्र व्यवस्थापकों, पर्यवेक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित संधारण, अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन, प्रवेश व्यवस्था तथा परीक्षा कक्षों में अनुशासन बनाए रखने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात को सुचारु रखने तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए कहा गया है। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पर्याप्त पहले पहुंचें तथा अपने साथ प्रवेश पत्र एवं वैध पहचान पत्र अवश्य रखें। परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस अथवा अन्य किसी भी प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को लेकर प्रवेश न करें तथा परीक्षा से संबंधित सभी नियमों एवं निर्देशों का पूर्णतः पालन करें। प्रभारी जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं पुलिस विभाग के समन्वित प्रयासों से उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 जनपद भदोही में पूरी पारदर्शिता, शुचिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न होगी। उन्होंने सभी तैनात अधिकारियों को अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Home उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 को नकलविहीन एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न...







