Home उत्तर प्रदेश बिलंदा गांव में मामूली विवाद पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, महिलाओं...

बिलंदा गांव में मामूली विवाद पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, महिलाओं समेत कई लोग भिड़े

FATEHPUR NEWS: थरियांव थाना क्षेत्र के बिलंदा गांव में मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला करने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में आधा दर्जन से अधिक लोग आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में महिलाओं की भी मारपीट में भागीदारी नजर आ रही है। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से वार किए गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हांलाकि हम वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही थरियांव थाना पुलिस मौके पर सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर रही है तथा दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार मारपीट की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।