Home उत्तर प्रदेश ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में कांग्रेस ने छात्रों से किया संवाद, शिक्षा...

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में कांग्रेस ने छात्रों से किया संवाद, शिक्षा और भर्ती परीक्षाओं के मुद्दों पर सरकार को घेरा

FATEHPUR NEWS: बिंदकी रोड स्थित एक शिक्षण संस्थान में कांग्रेस द्वारा आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत छात्रों के साथ संवाद किया गया। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी एवं शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा की मौजूदगी में पार्टी प्रवक्ता इंजीनियर देवी प्रकाश दुबे ने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों पर आर्थिक और मानसिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में अभ्यर्थियों से बड़ी मात्रा में धन खर्च कराया जाता है, जबकि कई परीक्षाएं पेपर लीक जैसी घटनाओं के कारण विवादों में घिर जाती हैं। उन्होंने दावा किया कि इससे अनेक छात्र निराश और हतोत्साहित होते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा पर सरकार का बजट और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में छात्रों द्वारा किए जा रहे खर्च के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है। उनके अनुसार एसएससी, यूपीएससी, आरआरबी, जेईई और नीट जैसी परीक्षाओं की तैयारी में छात्रों और उनके परिवारों द्वारा बड़ी धनराशि खर्च की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं। देवी प्रकाश दुबे ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से निशुल्क शिक्षा की पक्षधर रही है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी को अवसर मिलने पर छात्रों को बेहतर एवं निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा, ताकि आर्थिक और मानसिक दबाव कम हो तथा युवा अपनी प्रतिभा के आधार पर आगे बढ़ सकें। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता कल्याण जी, राकेश शास्त्री, कलीम उल्ला सिद्दीकी, रामशंकर शुक्ला, रामनरेश महाराज, प्रशांत शुक्ला, अभिषेक कश्यप, अंकित निषाद सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।