KAUSHAMBI NEWS: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 26 से 28 जून तक आयोजित राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय खिताब अपने नाम कर लिया। इंडियन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर की कुल दस टीमों ने प्रतिभाग किया था। फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए हरियाणा को 40-25 के बड़े अंतर से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। हरियाणा की टीम उपविजेता रही। उत्तर प्रदेश की विजेता टीम की सबसे खास बात यह रही कि टीम की कमान कौशांबी के होनहार खिलाड़ी राज के हाथों में थी। कौशांबी के लाल राज की कप्तानी में टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार तालमेल और बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं, जिले के ही खिलाड़ी मनीष पाल औंधन, कौशांबी ने भी अपने उत्कृष्ट खेल से टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। विजेता टीम में अभिमन्यु यादव, अजीत सूर्यवंशी, आशुतोष सिंह, हिमांशु पटेल, सुंदरम सिंह, माधव , प्रशांत चाहर और तनुज दुबे सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों की दमदार रेड, मजबूत डिफेंस और बेहतरीन रणनीति के दम पर उत्तर प्रदेश ने चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।





