Home उत्तर प्रदेश 28 जून को आयोजित होगा विशेष बूथ दिवस, 0 से 5 वर्ष...

28 जून को आयोजित होगा विशेष बूथ दिवस, 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को अवश्य पिलाएं पोलियो की दो बूंद

पोलियो उन्मूलन में जनसहयोग सबसे बड़ी शक्ति, एक भी बच्चा न छूटे: जिलाधिकारी शैलेष कुमार
BHADOHI NEWS: राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत 28 जून को आयोजित होने वाले विशेष बूथ दिवस के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूली बच्चों की जन-जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में बच्चों ने दो बूंद जिंदगी की, ष्पांच साल से कम उम्र, पोलियो की दवा है जरूरीष् तथा एक भी बच्चा न छूटे जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से आमजन को अभियान में सहभागिता के लिए जागरूक किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि भारत वर्ष वर्ष 2014 से पोलियो मुक्त है तथा पिछले 12 वर्षों में देश में पोलियो का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। हालांकि पड़ोसी देशों अफगानिस्तान एवं पाकिस्तान में समय-समय पर पोलियो के मामले पाए जाने के कारण सतर्कता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पोलियो वायरस से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक अभियान में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 2.82 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 28 जून को विशेष बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत जनपद में 643 बूथों पर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। अभियान की निगरानी के लिए 450 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 29 जून से 3 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। इसके उपरांत 6 जुलाई को बी-टीम के माध्यम से विशेष गतिविधियां संचालित कर ऐसे बच्चों को भी पोलियो की दवा पिलाई जाएगी, जो किसी कारणवश पूर्व चरणों में छूट गए हों। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रहे। उन्होंने सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर जाएं तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमों का पूरा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन अभियान केवल स्वास्थ्य विभाग का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे समाज का जनआंदोलन है। जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ति्रयों, आशा बहुओं, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आमजन के सहयोग से ही जनपद को पूर्णतः पोलियो सुरक्षित बनाए रखा जा सकता है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, स्वास्थ्यकर्मी एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।