नगर पंचायत बढ़नी चाफ़ा में संपन्न हुआ ‘नगर की समस्या नगर में समाधान’ कार्यक्रम; आयुष्मान कार्ड, पेंशन और किसान सम्मान निधि की हुई समीक्षा
SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद के नगर पंचायत बढ़नी चाफ़ा में गुरुवार को ‘नगर की समस्या नगर में समाधान’ कार्यक्रम के अंतर्गत एक भव्य चौपाल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता, पूर्व विधायक डुमरियागंज श्री राघवेंद्र प्रताप सिंह तथा मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाधिकारी द्वारा पूर्व विधायक को बुके देकर स्वागत किया गया। चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने सीधे ग्रामीणों से संवाद कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी, जिस पर उपस्थित जनता ने योजनाओं का लाभ मिलने की बात कही। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आज सभी विभागों के अधिकारी स्वयं जनता के बीच आए हैं, इसलिए लोग अपनी समस्याओं का त्वरित निराकरण कराएं। चौपाल को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक डुमरियागंज राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जिलाधिकारी ने स्वयं नगर वासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना है और उनके त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया है, जिसके लिए वे साधुवाद के पात्र हैं। उन्होंने विकास कार्यों का ब्यौरा देते हुए बताया कि नगर पंचायत बनने के बाद से अब तक 1980 लोगों को आवास की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियां बिना किसी भेदभाव के जन-जन तक पहुंच रही हैं। इसी क्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष धर्मराज वर्मा ने भी सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि नगर पंचायत बनने के बाद से क्षेत्र का चहुंमुखी विकास हुआ है और पात्रों को आवास व पेंशन का लाभ मिल रहा है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सभी पात्र लाभार्थियों का अनिवार्य रूप से आयुष्मान कार्ड बनाया जाए, जिससे उन्हें 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा मिल सके। उन्होंने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्षतिपूर्ति का भुगतान करने तथा किसान सम्मान निधि की विसंगतियों को दूर करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि वृद्धा, विधवा या दिव्यांग पेंशन में किसी भी स्तर पर हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं होगी और राशन वितरण में अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वरासत, भूमि पैमाइश और जन्म-जाति प्रमाण पत्र जैसे मामलों को समय सीमा के भीतर निपटाने को कहा और स्पष्ट किया कि शासन से निर्देश मिले हैं कि पहले से चल रही योजनाओं को और अधिक सुधार कर प्रभावी रूप से लागू किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने बताया कि चौपाल परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है और मौके पर ही समस्याओं का समाधान तलाशा जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी और पूर्व विधायक ने सभी स्टॉलों का बारीकी से अवलोकन किया। इस अवसर पर सामाजिक सरोकारों को निभाते हुए गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। इस महत्वपूर्ण चौपाल में उपजिलाधिकारी डुमरियागंज विवेकानंद मिश्रा, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, जिला कृषि अधिकारी रविशंकर पाण्डेय, खण्ड विकास अधिकारी विजय सिंह, अधिशासी अधिकारी नवीन सिंह सहित भारी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।







