मारपीट के आरोपों के बीच दूसरे पक्ष ने लगाया झूठा आरोप लगाने का दावा
PRATAPGARH NEWS: बाघराय थाना क्षेत्र के धुधुरकीपुर गांव में हुए विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए हैं। एक ओर राजकुमार यादव पुत्र कमलेश यादव ने थाना बाघराय में तहरीर देकर गांव के ही राजेन्द्र प्रताप उर्फ पिंटू एवं अतुल कुमार यादव पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि घटना में उसके दोनों हाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के राजेन्द्र प्रताप यादव ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा है कि राजकुमार यादव और रामराज पुत्र गयादीन रात्रि में चोरी-छिपे बिजली के खंभे पर चढ़कर अवैध रूप से तार जोड़कर कटिया लगाकर सिंचाई करने का प्रयास कर रहे थे। उनका दावा है कि वायर ढीला होने और चिंगारी निकलने के कारण राजकुमार खंभे से नीचे गिर गया, जिससे उसे चोटें आईं।
राजेन्द्र प्रताप यादव का यह भी कहना है कि इस घटना को मारपीट का रूप देकर उनके भाई एवं ग्राम प्रधान राम प्रताप यादव की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विवाद की वास्तविक वजह अवैध रूप से बिजली का उपयोग करना है, न कि किसी प्रकार की मारपीट। मामले को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। दोनों पक्षों द्वारा लगाए गए आरोपों के बीच पुलिस जांच में जुटी हुई है। थाना बाघराय पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीरों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







