MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) निर्माणाधीन मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय परिसर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर विश्वविद्यालय निर्माण कार्य में संलग्न श्रमिकों एवं कर्मचारियों के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य श्रमिकों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य तथा योग के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान कुलपति ने श्रमिकों, कर्मचारियों तथा उनके बच्चों को टी-शर्ट वितरित कीं। उपस्थित बच्चों को फल एवं मिष्ठान भी वितरित किए गए। सभी को सामूहिक रूप से योगाभ्यास कराया गया तथा योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से श्रमिकों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण पर विशेष ध्यान दिया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शोभा गौड़, कुलसचिव रामनारायण, परीक्षा नियंत्रक हरीश चंद, सहायक कुलसचिव सहित सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।







