PRAYAGRAJ NEWS: नवजीवन तैराकी क्लब के तत्वावधान में चल रहे तैराकी प्रशिक्षण शिविर में शनिवार को एक प्रेरणादायक उपलब्धि देखने को मिली। 33 वर्षीय महिमा गुप्ता, उनकी 7 वर्षीय बेटी सावी गुप्ता और 15 वर्षीय दक्ष केसरवानी ने लगभग 500 मीटर चैड़ी यमुना नदी को तैरकर सफलतापूर्वक पार कर लिया।
तीनों तैराकों ने अपने प्रशिक्षक त्रिभुवन निषाद और मानस निषाद के मार्गदर्शन में सुबह 6रू55 बजे मीरपुर सिंधु सागर घाट (ककरहा घाट) से तैरना शुरू किया। सावी गुप्ता ने मात्र 10 मिनट, महिमा गुप्ता ने 10 मिनट 30 सेकंड और दक्ष केसरवानी ने 10 मिनट 35 सेकंड में ब्रेस्ट स्ट्रोक शैली से यमुना नदी पार कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। तैराकों के साथ चल रही नाव पर मौजूद परिजन लगातार “गंगा मैया की जय” और “यमुना मैया की जय” के उद्घोष के साथ तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन करते रहे। नाव पर सावी के नाना-नानी अनिल गुप्ता और रानी गुप्ता, महिमा के भाई-भाभी मनोज गुप्ता और सुनीता गुप्ता, तथा दक्ष के माता-पिता श्याम जी और विनीता केसरवानी मौजूद रहे। सावी गुप्ता टैगोर पब्लिक स्कूल की कक्षा एक की छात्रा हैं, जबकि दक्ष केसरवानी ईसीपीएस स्कूल में कक्षा 10 के विद्यार्थी हैं। महिमा गुप्ता एक कार्यरत महिला हैं और तैराकी सीखने के लिए अपनी बेटी को नवजीवन तैराकी क्लब लेकर आई थीं। बेटी को अभ्यास करते देख उन्होंने स्वयं भी तैराकी सीखने का संकल्प लिया और कोच श्रीमती कमला निषाद के मार्गदर्शन में मात्र 15 दिनों के प्रशिक्षण के बाद अपनी बेटी के साथ यमुना नदी तैरकर पार करने का गौरव हासिल किया। यह उपलब्धि न केवल खेल भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और सही प्रशिक्षण के बल पर किसी भी उम्र में नई उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।







