217 शिकायतें पहुंचीं, 32 का मौके पर हुआ निस्तारण
फरियादियों की भारी भीड़ के चलते अधिकारी 45 मिनट अतिरिक्त रुके
FATEHPUR NEWS: तहसील बिंदकी के सभागार कक्ष में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक तथा जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक राजेंद्र सिंह पटेल ने लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। सुबह 11 बजे शुरू हुए समाधान दिवस में कुल 217 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सर्वाधिक 126 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। इसके अलावा पुलिस विभाग की 44, विकास विभाग की 19, समाज कल्याण विभाग की 7, शिक्षा विभाग की 1, स्वास्थ्य विभाग की 1 तथा अन्य विभागों की 19 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 32 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 185 शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। आमतौर पर दोपहर 2 बजे तक चलने वाले समाधान दिवस में फरियादियों की अधिक संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक करीब 2:45 बजे तक मौजूद रहे और सभी फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समाधान दिवस में पहरवापुर गांव निवासी रंगपाल सिंह ने आवंटन प्रक्रिया की जांच कराए जाने की मांग की। वहीं थाना कल्याणपुर क्षेत्र के कंसपुर गुगौली गांव निवासी कल्लू सिंह ने गांव में हो रहे अवैध निर्माण कार्य को रुकवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। औंग थाना क्षेत्र के गोधरौली गांव निवासी अजय शुक्ला ने शिकायत करते हुए बताया कि पड़ोसी द्वारा उनके घर की नाली अवरुद्ध कर दी गई है, जिससे जल निकासी की समस्या उत्पन्न हो गई है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।







