Home उत्तर प्रदेश ग्रीष्मावकाश के बाद खुले विद्यालय, तिलक-चंदन लगाकर हुआ विद्यार्थियों का स्वागत

ग्रीष्मावकाश के बाद खुले विद्यालय, तिलक-चंदन लगाकर हुआ विद्यार्थियों का स्वागत

KAUSHAMBI NEWS: ग्रीष्मावकाश समाप्त होने के बाद मंगलवार को जनपद के परिषदीय विद्यालयों में एक बार फिर बच्चों की चहल-पहल देखने को मिली। विद्यालय खुलने के पहले दिन विद्यार्थियों का तिलक, चंदन और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इसी क्रम में विकास क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय गौसपुर नवावां में विशेष स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार उमराव ने विद्यालय पहुंचे विद्यार्थियों का माला पहनाकर एवं तिलक-चंदन लगाकर स्वागत किया। उन्होंने बच्चों को नए शैक्षिक सत्र के लिए शुभकामनाएं देते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय के शिक्षकों के साथ बैठक कर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्र तक बेहतर शिक्षा पहुंचाना शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए नवाचारी शिक्षण गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए तथा बच्चों की सीखने की क्षमता में निरंतर सुधार किया जाए। उन्होंने अब तक विद्यालय से जुड़े नहीं पाए गए बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने की बात कही। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचना चाहिए और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। विद्यालय परिसर में आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान बच्चों में उत्साह देखने को मिला। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक सत्य प्रकाश सहित समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने नए शैक्षिक सत्र को उत्साह और उमंग के साथ प्रारंभ करने का संकल्प लिया।