PRATAPGARH NEWS: जनपद के बिहार ब्लॉक स्थित आजाद नगर चौराहा (मुगलपुर) में संचालित एक निजी फ्रैक्चर क्लीनिक एवं डिजिटल एक्स-रे सेंटर को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। क्लीनिक के बाहर लगे बोर्ड पर संचालक द्वारा अपने नाम के साथ U.P.S.M.F. अंकित कर हड्डी, गठिया, कमर दर्द, गाउट सहित विभिन्न बीमारियों के इलाज का दावा किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित चिकित्सक की योग्यता एवं पंजीकरण को लेकर स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं है, इसके बावजूद मरीजों का उपचार किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि क्लीनिक में चिकित्सकीय मानकों का पालन नहीं हो रहा है तो स्वास्थ्य विभाग को इसकी जांच करानी चाहिए। मुगलपुर, बिहार ब्लॉक, प्रतापगढ़ क्षेत्र का एक स्थानीय गांव है, जहां यह मामला सामने आया है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी पूरे मामले से अवगत होने के बावजूद कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर बिना स्पष्ट चिकित्सकीय योग्यता के इलाज के दावों की जांच कब होगी और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभाग क्या कदम उठाएगा। अब निगाहें स्वास्थ्य विभाग पर टिकी हैं कि वह मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाता है या फिर जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने रहते हैं।
(नोट: किसी भी अनियमितता की पुष्टि संबंधित विभागीय जांच के बाद ही मानी जाएगी।)







