PRATAPGARH NEWS: बाघराय थाना क्षेत्र के रोर गांव में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। अज्ञात चोरों ने मंगलवार रात एक मकान को निशाना बनाते हुए खिड़की काटकर घर में प्रवेश किया और लाखों रुपये मूल्य के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार रोर गांव निवासी जितेंद्र कुमार मिश्र के घर मंगलवार देर रात अज्ञात चोर पीछे की खिड़की काटकर अंदर घुस गए। चोरों ने घर में रखी आलमारी और बेड बॉक्स के ताले तोड़ दिए तथा उसमें रखे करीब पांच लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और लगभग 25 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर आसानी से फरार हो गए। बुधवार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला। आलमारी और बक्सों के टूटे ताले देखकर परिजनों के होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
पीड़ित जितेंद्र कुमार मिश्र ने चोरी के बाद घर की स्थिति का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया है। वीडियो में उन्होंने बताया कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से घर को निशाना बनाया और लाखों की संपत्ति लेकर फरार हो गए। उन्होंने पुलिस से जल्द कार्रवाई कर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि बाघराय थाना क्षेत्र में बीते कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कई मामलों में अब तक संतोषजनक खुलासा नहीं हो सका है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही वारदातों के कारण आमजन में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। पीड़ित ने बाघराय थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और घटना के शीघ्र खुलासे की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष श्रवण कुमार ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल रोर गांव की यह बड़ी चोरी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और ग्रामीणों की निगाहें पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।





