Home उत्तर प्रदेश डंपर की टक्कर से इंटर की छात्रा की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने...

डंपर की टक्कर से इंटर की छात्रा की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

PRATAPGARH NEWS: बाघराय थाना क्षेत्र के जेठवारा-कानपुर मार्ग स्थित कानपुर तिराहे पर मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 12वीं की एक छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। जानकारी के अनुसार कानूपुर नगरिया निवासी शिवाकांत यादव की 17 वर्षीय पुत्री श्रद्धा यादव मंगलवार सुबह किसी कार्य से जा रही थी। इसी दौरान कानपुर तिराहे के पास तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि श्रद्धा यादव कानपुर स्थित केडी क्लासेज में कोचिंग कर 12वीं की पढ़ाई कर रही थी। मेधावी छात्रा की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों ने दोषी चालक की गिरफ्तारी, वाहन के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित सहायता दिए जाने की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हुई। पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। श्रद्धा की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि एक होनहार छात्रा का इस तरह सड़क हादसे में जीवन समाप्त हो जाना बेहद दुखद है। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित स्थानों पर यातायात व्यवस्था मजबूत करने तथा तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।