PRATAPGARH NEWS: रामपुर संग्रामगढ़ विकासखंड के ग्राम मोठीन में खंड विकास अधिकारी विजय शंकर मणि की अध्यक्षता में रात्रिकालीन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में विकास विभाग, पंचायत विभाग, स्वास्थ्य, बाल विकास परियोजना, राजस्व, आपूर्ति, पशु चिकित्सा, विद्युत, समाज कल्याण तथा लघु सिंचाई विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। चौपाल से पूर्व ग्राम पंचायत की मलिन बस्ती, विद्यालय परिसर एवं पंचायत भवन में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय परिसर में चौपाल आयोजित की गई। खराब मौसम के बावजूद लगभग 250 ग्रामीणों ने चौपाल में भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। चौपाल के दौरान आवास योजना से संबंधित तीन, पेंशन की दो तथा राशन कार्ड की चार शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। ग्रामीणों ने नाली सफाई सहित अन्य स्थानीय समस्याओं को भी अधिकारियों के समक्ष रखा, जिनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। खंड विकास अधिकारी विजय शंकर मणि ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।







