JHANSI NEWS: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवाबाद थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार देर रात सूचना मिली कि कोछा भांवर स्थित चार्जिंग स्टेशन के पास कुछ संदिग्ध युवक खड़े हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए नवाबाद थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चार युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान जब उनसे मोटरसाइकिलों के दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद सभी बाइक चोरी की हैं। उन्होंने बताया कि वे विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी कर उन्हें कम कीमत पर बेच देते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के दतिया जनपद के भांडेर निवासी विशाल यादव, सीपरी बाजार स्थित पाल कॉलोनी निवासी रानू परिहार उर्फ कृष्ण, कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव गेट बाहर निवासी राजकुमार तथा बबीना स्थित पशु अस्पताल क्षेत्र निवासी एहसान उर्फ तौहीद के रूप में हुई है।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस बरामद वाहनों के संबंध में आगे की जांच कर रही है।







