JHANSI NEWS: प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और रक्षामंत्री के पुतले फूंकने के मामले में जेल भेजे गए बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के अध्यक्ष भानू सहाय एडवोकेट का मोर्चा की कोर कमेटी की बैठक में अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर आयोजित बैठक में बुंदेलखंड राज्य निर्माण आंदोलन को तेज करने के लिए चार महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में पहला प्रस्ताव यह पारित किया गया कि अखंड बुंदेलखंड क्षेत्र के नौ सांसदों और 56 विधायकों के सामूहिक पुतले जलाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। दूसरे प्रस्ताव के तहत गर्मी कम होने के बाद बुंदेलखंड के सभी लोकसभा क्षेत्रों में दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री, सांसदों और विधायकों को खून से पत्र लिखे जाएंगे तथा प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में दोनों दिनों मशाल जुलूस निकाले जाएंगे। साथ ही लोकसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीटों पर दो-दो हजार बुंदेली योद्धाओं को बैज लगाकर आंदोलन के लिए तैयार किया जाएगा। तीसरे प्रस्ताव में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आगामी तीन माह के भीतर दस-दस हजार लोगों से बुंदेलखंड राज्य निर्माण के समर्थन में जनमत संग्रह कराया जाएगा। इसके अलावा “हर घर से दो हाथ चाहिए” सदस्यता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। चौथे प्रस्ताव के अंतर्गत आंदोलन को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक आर्थिक संसाधन जुटाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए राज्य समर्थकों और मोर्चा सहयोगियों से स्वैच्छिक रूप से छोटी-छोटी धनराशि एकत्र की जाएगी। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा और इसके लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।







