JHANSI NEWS: उत्तर प्रदेश आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती लिखित परीक्षा के दौरान सोमवार को मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे एवं पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने जनपद झांसी के विभिन्न परीक्षा केंद्रों, कंट्रोल रूम तथा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय सहित अन्य केंद्रों पर पहुंचकर चेकिंग-फ्रिस्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी एवं सुरक्षा संबंधी प्रबंधों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शासन की मंशानुसार परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शुचितापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान आईजी ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया तथा परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक निर्देश प्रदान किया।







