JHANSI NEWS: ग्राम अतरसुआ, थाना गुरसराय निवासी सीमा पत्नी अखिलेश श्रीवास ने आईजी को प्रार्थना पत्र देकर घर से लाखों रुपये की नगदी चोरी होने तथा आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। सीमा श्रीवास के अनुसार वह किसी आवश्यक कार्य से घर से बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान उनके रिश्तेदार वीरेंद्र पुत्र ब्यासी (भांजा) कथित रूप से घर में घुस आया और घर में रखी लगभग 6 लाख 30 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ले गया। घटना की जानकारी होने पर उन्होंने थाना गुरसराय में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत के बाद आरोपी पक्ष लगातार दबाव बना रहा है और कानूनी कार्रवाई करने पर उन्हें तथा उनके पति को जान से मारने की धमकी दे रहा है। उनका कहना है कि पुलिस द्वारा मामले में केवल औपचारिक कार्रवाई कर आरोपियों को छोड़ दिया गया। पीड़िता ने बताया कि उनके पति दिव्यांग हैं और परिवार में एक बेटी है। चोरी हुई राशि उनकी जीवनभर की जमा-पूंजी थी। आरोपियों की धमकियों के कारण पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर है। आईजी को दिए गए प्रार्थना पत्र में सीमा श्रीवास ने मामले की निष्पक्ष जांच कर चोरी गई नगदी बरामद कराने, आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।







