Home उत्तर प्रदेश महिला से दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोपी गिरफ्तार, भेजा...

महिला से दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो वायरल करने का आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

JHANSI NEWS: रक्सा थाना पुलिस ने महिला के साथ दुष्कर्म, मारपीट तथा अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर ब्लैकमेल करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी नवाब कुरैशी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना रक्सा में एक युवती ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि कोतवाली क्षेत्र स्थित कसाई मंडी निवासी मछली व्यापारी के पुत्र नवाब कुरैशी ने 23 मार्च 2026 को उसे बातचीत करने के बहाने रक्सा क्षेत्र के एक होटल में बुलाया था। आरोप है कि वहां आरोपी ने उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया तथा मोबाइल फोन से अश्लील वीडियो भी बना ली। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने इस कृत्य का विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी तथा उसके मायके और ससुराल पक्ष के लोगों को भी भेज दी, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर क्षति पहुंची। पीड़िता की तहरीर के आधार पर रक्सा थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने आरोपी नवाब कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया। थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।