Home उत्तर प्रदेश चुनार पीएचसी में डॉक्टर नदारद, मरीज परेशान

चुनार पीएचसी में डॉक्टर नदारद, मरीज परेशान

MIRZAPUR NEWS: चुनार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पीएचसी में डॉक्टरों की  लापरवाही का मामला सामने आया है। एक मरीज ने डॉक्टरों पर ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और कार्यशैली में लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मरीज को दो-तीन दिन पहले कुत्ते ने काट लिया था, लेकिन उसे इंजेक्शन लगवाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीड़ित मरीज ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से इंजेक्शन लगवाने के लिए पीएचसी के चक्कर लगा रहा है। अस्पताल का ओपीडी समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित है, लेकिन इस दौरान भी उसे कोई डॉक्टर उपलब्ध नहीं मिला। मरीज का आरोप है कि डॉक्टर तरह-तरह के बहाने बना रहे हैं और ड्यूटी पर मौजूद नहीं रहते। इस संबंध में जब पीएचसी प्रभारी डॉ. राकेश कुमार पटेल से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि अस्पताल का ओपीडी का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक है। हालांकि, मरीज का कहना है कि उसने इसी समय सीमा के भीतर कई बार अस्पताल का दौरा किया, लेकिन उसे कोई डॉक्टर नहीं मिला।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) मिर्जापुर से संपर्क करने पर उन्होंने मरीज को डॉक्टर से मिलने की सलाह दी, जबकि पीएचसी पर कोई डॉक्टर मौजूद ही नहीं था। इससे सीएमओ की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। मरीज का कहना है कि ऐसी स्थिति उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि को धूमिल कर रही है। मिर्जापुर में चिकित्सा अधिकारी समय पर उपलब्ध नहीं होते, जिससे लोगों को दवा और जांच कराने में भी दिक्कतें आती हैं। मरीज ने बताया कि कुत्ते के काटने के बाद से वह दो-तीन दिन से इंजेक्शन लगवाने के लिए संघर्ष कर रहा है। उसने संबंधित अधिकारियों से फोन पर भी बात की, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले पर क्या कार्रवाई करते हैं।