FATEHPUR NEWS: विजयीपुर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) ने मंगलवार को आवाज बुलंद की। जिला संगठन मंत्री धनंजय सिंह के नेतृत्व में किसानों ने संबंधित अधिकारियों एवं जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द निस्तारण नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा। अधिशासी अभियंता, प्रखंड निचली गंगा नहर को दिए गए ज्ञापन में किसानों ने निहालपुर से गनही तक नाले की सफाई और खुदाई कराने की मांग की। इसके साथ ही चौली से कहरिया स्थित शीतला माता मंदिर तालाब तक नाले का निर्माण कराने तथा ग्राम कठरिया में क्षतिग्रस्त पुलिया का पुनर्निर्माण कराने की मांग उठाई। किसानों ने तक्कीपुर क्षेत्र में नहर के पास नई पुलिया के निर्माण की आवश्यकता भी बताई। किसानों का कहना था कि क्षेत्र के कई गांवों में विकास कार्य लंबे समय से अधूरे पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों और किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पौली से छीपनपुरवा (गढ़वा) होते हुए नक्कीपुर तक कहरिया माइनर के किनारे डामर सड़क निर्माण की मांग की। किसानों ने कहा कि सड़कें जर्जर होने के कारण आवागमन प्रभावित होता है और बरसात के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है। जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में ग्राम सभा बरैची की समस्याओं का भी उल्लेख किया गया। किसानों ने बताया कि गांव में तालाब न होने के कारण जल निकासी की व्यवस्था प्रभावित है। नालियों और घरों का गंदा पानी गांव में जमा रहता है, जिससे गंदगी और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने पेयजल संकट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई हैंडपंप खराब पड़े हैं और पर्याप्त जलस्रोत उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने गांव में तीन नए रिबोर कराए जाने की मांग की, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल मिल सके। साथ ही जर्जर आरसीसी सड़क के पुनर्निर्माण की भी मांग की गई। भारतीय किसान यूनियन ने किसानों को समय पर खाद उपलब्ध न होने का मुद्दा भी उठाया। संगठन का कहना है कि खेती के महत्वपूर्ण समय पर किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिलती, जिससे कृषि कार्य प्रभावित होता है। किसानों ने प्रशासन से खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।
जिला संगठन मंत्री धनंजय सिंह ने कहा कि किसान और ग्रामीण लंबे समय से इन समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द समाधान नहीं किया तो किसान यूनियन आंदोलन करने को मजबूर होगी। इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने प्रशासन से समस्याओं का शीघ्र समाधान कराए जाने की मांग की है।







