MIRZAPUR NEWS: सोमवार को आगामी विधानसभा चुनाव एवं पार्टी संगठन को लेकर आम आदमी पार्टी की प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक प्रयागराज में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने की। लगभग 10 घंटे चली मैराथन बैठक में प्रदेश में आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष अपने-अपने प्रकोष्ठ का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन 15 जुलाई 2026 तक संपन्न कराएंगे। साथ ही, बिजली कटौती और बिजली बिल में सरचार्ज बढ़ाए जाने के विरोध में 5 जून को सभी जिला मुख्यालयों पर विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। सांसद संजय सिंह ने संगठन की मजबूती एवं आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर दिशा-निर्देश दिए। सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को चुनाव की दृष्टि से तैयारी करने तथा बूथ स्तरीय कमेटी गठित करने के निर्देश दिए गए। मिर्जापुर की ओर से वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे एडवोकेट एवं जिलाध्यक्ष प्रोफेसर बी. सिंह ने संगठन की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान नई जिला कमेटी, विधानसभा अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष एवं प्रकोष्ठ अध्यक्षों की सूची को अंतिम रूप दिया गया। सुनील कुमार पांडे ने मिर्जापुर में चलाए जा रहे कार्यक्रमों की कार्ययोजना भी प्रदेश कार्यकारिणी के समक्ष रखी।सांसद संजय सिंह ने सभी जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों एवं प्रदेश पदाधिकारियों को आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जनपद स्तर पर ‘सेवा और संघर्ष’ का कार्यक्रम चलाने तथा विधानसभा सम्मेलन करने के निर्देश दिए। बैठक में सह प्रभारी पूर्व विधायक दिलीप पांडे, उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी विधायक अनिल झा, काशी प्रांत अध्यक्ष पवन तिवारी एडवोकेट, प्रदेश सचिव रमाशंकर साहू, सोनभद्र जिलाध्यक्ष रमेश गौतम, व्यापार प्रकोष्ठ मिर्जापुर के जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह चड्ढा, जिला उपाध्यक्ष नसीम खान, राजकुमार यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता-पदाधिकारी उपस्थित रहे।







