Home उत्तर प्रदेश हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

MIRZAPUR NEWS: सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान हेतु भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य एवं पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन श्रीमाली ने मेधावी छात्र-छात्राओं को ₹21,000 की प्रोत्साहन राशि का चेक एवं प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर लखनऊ स्थित लोक भवन से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण भी देखा और सुना गया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि मेधावी छात्र-छात्राएं राष्ट्र और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी उपलब्धियां न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जनपद को गौरवान्वित करती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो व्यक्ति के जीवन को नई दिशा और नई पहचान प्रदान करती है। विधायक ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, लगन और सकारात्मक सोच के बल पर जीवन के किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों को भी विद्यार्थियों की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर जनपद के जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी एवं अन्य अधिकारीगण, शिक्षकगण, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान का यह आयोजन शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने तथा युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।