ETAWA NEWS: रविवार को उत्तर प्रदेश चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ, इटावा की बैठक रविवार को लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-3 स्थित संगठन कार्यालय, मोतीझील चौराहा पर आयोजित की गई। बैठक में जिला कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए कई पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर उनके समाधान की रणनीति बनाई गई। बैठक में भीम सिंह यादव को जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष, रमेश चंद एवं विनोद कुमार यादव को जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा पंकज चौधरी को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया। इसके अलावा अरुण प्रकाश (पंचायती राज विभाग), ध्रुव लाल, सुरजन सिंह (सिंचाई खंड) और नरेंद्र सिंह (नगर पालिका) को जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। बैठक के दौरान पंचायती राज विभाग के सफाई कर्मचारियों ने वेतन विसंगति का मुद्दा उठाते हुए बताया कि अन्य जनपदों की तुलना में इटावा में लगभग 1300 रुपये कम वेतन मिल रहा है। कर्मचारियों का कहना था कि 22वें लाभ का भुगतान न होने के कारण यह अंतर बना हुआ है। इस पर जिला मंत्री सौरभ कुमार ने आश्वासन दिया कि जिला पंचायत राज अधिकारी को पत्र भेजकर इस समस्या का समाधान कराया जाएगा। जिला कार्यवाहक अध्यक्ष शिवमंगल दास ने कहा कि विभिन्न विभागों में कर्मचारियों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का भुगतान लंबित है तथा वेतन भी समय पर नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि कर्मचारियों का वेतन निर्धारित समय पर दिया जाए और जिन कर्मचारियों का वेतन किसी कारणवश रुका है, उसका शीघ्र भुगतान कराया जाए। जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि कुछ विभागों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है तथा बिना लिखित आदेश के ड्यूटी लगाई जा रही है। उन्होंने कर्मचारियों का उत्पीड़न बंद करने, लिखित आदेश के आधार पर ही ड्यूटी लगाने तथा कर्मचारियों की समस्याओं के नियमित समाधान की मांग की। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों से अपील की कि वे प्रत्येक माह जिला अध्यक्ष एवं जिला मंत्री के साथ बैठक कर कर्मचारियों की समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करें। बैठक का संचालन जिला मंत्री सौरभ कुमार ने किया, जबकि अध्यक्षता जनपद संरक्षक शैलेंद्र कुमार शर्मा ने की। बैठक में धर्मेंद्र कुमार, शिवमंगल दास, भागीरथ, सोबरन सिंह, राजकुमार, विकास कुमार, रविकांत, सत्यवीर, नंदकिशोर, ध्रुव लाल, सुरजन सिंह, राजू सिंह, तेजपाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







